होली के दिन दिल्ली-एनसीआर में हो सकती है बारिश. 10 को

 नई दिल्ली। इस बार होली पर अपने तो रंगों से भिगोएंगे ही, बादल भी बरसेंगे। मौसम विभाग का अनुमान है कि होली और उसके अगले दिन फुहारें पड़ेंगी। फिलहाल, शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बरसात से दिल्ली में ठंड का मौसम फिर लौट आया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री तक नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनमान है कि शनिवार को भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बंदाबांदी ह? पश्चिमी विक्षोभ के चलते आए बादल दो दिनों से राजधानी के ज्यादातर हिस्सों को भिगो रहे हैं। गरुवार के दिन दोपहर बाद से दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में बूंदाबांदी और बरसात की शुरुआत हुई थी, देर रात तक अच्छी बरसात हुई। शुक्रवार की सुबह भी हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन बाद में आसमान साफ होने लगा और धूप भी निकली। दोपहर तक आसमान में बादलों की आवाजाही लगी रही। दोपहर बाद दिल्ली के आसमान पर घने काले बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। इससे तापमान में खासी गिरावट आई और एक बार फिर से ठंड का अहसास होने लगा। हालांकि, अब पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने की तरफ है। शनिवार के दिन तापमान 13 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।मौसम विभाग का अनुमान है कि दो दिन बाद ही अगला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके चलते राजधानी में एक बार फिर से बूंदाबांदी का दौर देखने को मिल सकता है। खास बात यह है कि बूंदाबांदी का दौर 10 तारीख की रात से शुरू होने की संभावना है। इससे दिन में लोग होली का त्योहार मना सकते हैं। होली के अगले दिन यानी 11 तारीख को भी बरसात होने की संभावना है।मौसम विभाग के सफदरजंग केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। बरसात के दौरान 36 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चलीं। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार को भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है। शनिवार के दिन तापमान 13 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है ।मौसम विभाग के रिज केंद्र ने बीते चौबीस घंटे में सबसे ज्यादा बरसात रिकॉर्ड की है। यहां पर 43.4 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। इसके अलावा सफदरजंग केंद्र में 37.2, पालम में 37.6, लोधी रोड केंद्र में 38.4 और आयानगर में 36.3 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। बरसात और तेज हवाओं ने दिल्ली की हवा में घुले-मिले प्रदूषक कणों को काफी हद तक साफ कर दिया है। दिल्ली की हवा इस साल अब तक के साफसुथरे स्तर पर पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शुक्रवार का वायु गुणवत्ता सूचकांक 64 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी हवा अपेक्षाकृत साफ-सुथरी बनी रहने का अनुमान है।